गाजीपुर। सादात थाने की नई थाना प्रभारी तारावती यादव ने शनिवार को कार्यभार संभालने के साथ ही अपनी प्राथमिकताओं का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, आम नागरिकों को भयमुक्त माहौल देना और वंचित एवं पीड़ित लोगों को त्वरित न्याय दिलाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
थाना प्रभारी ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अपराध का रास्ता छोड़ दें, अन्यथा कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
तारावती यादव इससे पहले भड़कुड़ा, सुहवल और मरदह थानों में अपनी प्रभावी कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग के लिए पहचान बना चुकी हैं। आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई उनकी कार्यशैली की विशेषता रही है।
सादात क्षेत्र के लोगों ने नई थाना प्रभारी से बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।









