मिर्जापुर। कछवां स्थित श्री गांधी विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित टीईटी परीक्षा के दौरान शनिवार को दो अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। उपचार के बाद दोनों अभ्यर्थियों की हालत सामान्य होने पर उन्होंने दोबारा परीक्षा में भाग लिया।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर से परीक्षा देने आए 35 वर्षीय पुरुष अभ्यर्थी को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई, जबकि 28 वर्षीय महिला अभ्यर्थी को उल्टी और कमजोरी महसूस होने लगी। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछवां को दी।
सूचना मिलते ही सीएचसी कछवां के अधीक्षक डॉ. सी.बी. पटेल के निर्देशन तथा डॉ. श्वेता सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम परीक्षा केंद्र पहुंची। डॉक्टरों ने दोनों अभ्यर्थियों का रक्तचाप (बीपी) और पल्स की जांच की तथा आवश्यक दवाएं देकर प्राथमिक उपचार किया।
कॉलेज की प्रधानाचार्या अमिता देवी ने बताया कि दोनों अभ्यर्थी लंबी दूरी तय कर परीक्षा देने पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूखे पेट यात्रा करने और अत्यधिक थकान के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने की आशंका है।
चिकित्सकीय देखरेख और प्राथमिक उपचार के बाद दोनों अभ्यर्थियों की स्थिति सामान्य हो गई, जिसके बाद उन्होंने पुनः परीक्षा में शामिल होकर अपना पेपर पूरा किया। परीक्षा केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।









