चंदौली। नगर पंचायत सैयदराजा के वार्ड नंबर 9 आज़ाद नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय संख्या तीन का नवनिर्मित भवन शुक्रवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने विधिविधान से पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर लोकार्पित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशील सिंह ने कहा कि यह दिन नगर के लिए ऐतिहासिक है। पहले इस विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग रेलवे कॉरिडोर में चली गई थी, जिस कारण बच्चों को कल्याणपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की इमारत में पढ़ाई करनी पड़ती थी। इससे बच्चों और अभिभावकों दोनों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब नया भवन तैयार हो चुका है और आज से बच्चों को अपने ही नगर पंचायत के विद्यालय में पढ़ने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो।
बीएसए अजीत पाल ने कहा कि नया भवन बनने से यहां पढ़ाई का वातावरण और भी सशक्त होगा। शिक्षकों और बच्चों को बेहतर कक्षाएं, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। प्रधानाध्यापक अनिल पांडेय ने भी खुशी जताते हुए कहा कि अब बच्चों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
उद्घाटन समारोह में चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश कुमार उर्फ बाढ़ू जायसवाल, पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष विपिन राय, राकेश पांडेय, सभासद प्रतिनिधि अंकित जायसवाल, पूर्व सभासद अरुण मौर्य, अमित अग्रहरि और विजयी कुशवाहा समेत कई लोग मौजूद रहे।









