चंदौली। अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार देर रात एसओजी और मुगलसराय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मिनी ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, बिहार मद्य निषेध इकाई से सूचना मिली थी कि पंजाब से अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बिहार भेजी जा रही है। इस सूचना पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस ने सोमवार रात ग्राम मिल्कीपुर हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। रात लगभग 10:50 बजे एक संदिग्ध मिनी ट्रक (UP53GT2368) को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के निचले हिस्से में छिपाकर रखी गई 23 पेटी (750 एमएल) और 77 पेटी (375 एमएल) इंपीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ा — सतपाल निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) और गुलज़ार निवासी मल्लू गांव, थाना बादशाहपुर, जनपद जौनपुर। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह शराब पंजाब से लेकर बिहार पहुंचाने जा रहे थे, जिसके लिए उन्हें मोटी रकम का लालच दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में केस नंबर 510/2025, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम एवं 109(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी गुलज़ार पर पहले भी शराब तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, एसओजी प्रभारी आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय कुमार, अभिषेक शुक्ला, मनोज तिवारी, संजय सिंह, हेड कांस्टेबल अतुल सिंह, भूपेश कुमार और गौरव सिंह की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम को उनकी सराहनीय कार्रवाई के लिए प्रशंसा पत्र देने की अनुशंसा की गई है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।













