चंदौली। महिला सशक्तिकरण और मिशन शक्ति अभियान के तहत सैयदराजा नगर पंचायत स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा अदिति गुप्ता को एक दिन के लिए प्रधानाचार्या बनाया गया। विद्यालय प्रशासन के इस अनूठे प्रयास का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रा अदिति गुप्ता ने प्रधानाचार्या की भूमिका निभाते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं को अनुशासन, नियमित उपस्थिति और शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कला, साहित्य, विज्ञान, खेलकूद और संगीत जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने कहा कि अदिति जैसी प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर देना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि
“जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं समाज और राष्ट्र उन्नति करता है।”
सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘उज्ज्वला योजना’, और ‘मिशन शक्ति’ जैसे अभियानों का उद्देश्य भी इसी दिशा में है — ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में अध्यापक रजनीश, मारकंडे प्रसाद, आनंद प्रकाश सिंह, तथा कर्मचारी सतीश कुमार सिंह और ईश्वरी नारायण सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर में इस पहल की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अदिति गुप्ता को “एक दिन की प्रधानाचार्या” बनने पर बधाई दी।









