वाराणसी। मण्डुवाडीह थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को लेकर फरार हुए युवक को पुलिस ने तेज़ी से की गई कार्रवाई में 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को सकुशल ढूंढ निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 18 नवम्बर को पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी को सूरज कुमार नाम का युवक बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन, तकनीकी सर्विलांस तथा स्थानीय सूचनाओं की मदद से आरोपी का पता लगाने में जुट गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत जांच टीम ने गुरुवार की शाम सूरज कुमार (उम्र 19 वर्ष) पुत्र किशोर राम, निवासी हरपुर, थाना भैरौगंज, जिला पश्चिम चम्पारण (बिहार), वर्तमान पता शिवदासपुर, मण्डुवाडीह को थाना क्षेत्र से ही गिरफ्त में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने किशोरी को ले जाने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसे साथ लेकर लड़की की बरामदगी कराई।
आरोपी पर भारतीय दण्ड संहिता की नई धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत नाबालिग के अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पूरे मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सत्यानंद यादव कर रहे हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार वर्मा, उ०नि० सत्यानंद यादव और महिला कांस्टेबल अनुकृति शामिल थीं।









