साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी फिटनेस समस्या की वजह से उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में वनडे टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को सौंपी गई है।
करीब 9 महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली भारत में इंटरनेशनल मैच खेलते दिखाई देंगे। वे आखिरी बार फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में उतरे थे। इसके बाद लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर रहने के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे से दोनों खिलाड़ियों ने वापसी की थी।
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम
गेंदबाजी विभाग में बड़े बदलाव किए गए हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। टीम में प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह तीन मुख्य तेज गेंदबाज होंगे। मोहम्मद शमी को एक बार फिर मौका नहीं मिला।
सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर से खेला जाएगा। टी-20 सीरीज 9 दिसंबर से शुरू होगी, हालांकि इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान नहीं हुआ है।
2023 के बाद पहली बार राहुल करेंगे कप्तानी
केएल राहुल ने पिछली बार 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही वनडे में कप्तानी की थी। उन्होंने अब तक 12 वनडे में कप्तानी की है, जिसमें भारत को 8 मैचों में जीत मिली है और 4 मुकाबलों में हार।
अक्षर बाहर, जडेजा की वापसी; पंत नंबर-4 के विकल्प में
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने वाले अक्षर पटेल को बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह अनुभवी रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है।
- तीन विकेटकीपर चुने गए हैं—केएल राहुल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल। पंत को बैकअप की भूमिका दी गई है, लेकिन श्रेयस अय्यर के बाहर होने के बाद उन्हें नंबर-4 पर बैटिंग का मौका दिया जा सकता है।
- इस स्थान के लिए ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा और ध्रुव जुरेल भी विकल्प हैं।
- शुभमन के बाहर होने के बाद ओपनिंग में यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ उतारा जा सकता है।
भारत का स्क्वॉड
केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।
कैसे चोटिल हुए खिलाड़ी?
शुभमन गिल: कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में स्वीप शॉट खेलने के दौरान गर्दन में खिंचाव आया, जिसके बाद वे रिटायर्ड हर्ट हो गए। जांच में सामने आया कि वे फिलहाल फिट नहीं हैं।
श्रेयस अय्यर: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे के दौरान कैच लेते समय कंधे पर जोर से गिर पड़े। उन्हें गंभीर चोट लगी। रिपोर्ट्स के अनुसार वे अगले साल मार्च तक वापसी नहीं कर पाएंगे।
हार्दिक पंड्या: एशिया कप 2024 के सुपर-4 मुकाबले में चोटिल हुए थे। बीसीसीआई उनकी फिटनेस को लेकर बेहद सतर्क है। माना जा रहा है कि वे सैयद मुश्ताक अली टी-20 में कुछ मैच खेलकर टेस्ट करवाएंगे, तभी इंटरनेशनल में वापसी करेंगे।
साउथ अफ्रीका की टीम; नॉर्त्या की वापसी
साउथ अफ्रीका ने भी वनडे और टी-20 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। टेम्बा बावुमा वनडे के कप्तान होंगे, जबकि टी-20 में कमान ऐडन मार्करम के पास रहेगी। तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्या 17 महीने बाद टीम में लौटे हैं।
साउथ अफ्रीका का वनडे स्क्वॉड
टेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जकी, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जॉर्जी, रुबिन हरमन, मार्को यानसन, केशव महाराज, ऐडन मार्करम, लुंगी एनगिडी, रायन रिकेल्टन, प्रनेलन सुब्रायन।
साउथ अफ्रीका का टी-20 स्क्वॉड
ऐडन मार्करम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जॉर्जी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्त्या, ट्रिस्टन स्टब्स।













