वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़ौरा बाजार स्थित बाबा साई धाम में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा साई के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर पहुंचे।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। देर शाम तक लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा साई के चरणों में मत्था टेककर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर “ॐ साईं राम” के जयघोष, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बाबा साई धाम को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। विशेष पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात की व्यापक व्यवस्था की थी। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर महंत राजू शुक्ला, वंदना शुक्ला, साई कृपा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अमर शर्मा (कप्तान), सोनी शर्मा, आशा शर्मा, शौर्य शर्मा, ध्रुव शर्मा, राजा गुप्ता बंधु, ध्रुव शुक्ला, योगेश, ऋषु, ऋषभ और महेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









