चंदौली। आम आदमी पार्टी चंदौली इकाई के तत्वावधान में शनिवार को स्मार्ट मीटर और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। पड़ाव स्थित मंडियां सब स्टेशन पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और विरोध मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने “स्मार्ट मीटर वापस लो”, “लूट-खसोट बंद करो” और “बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारों के साथ बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। आरोप लगाया गया कि विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है।
करीब दो किलोमीटर लंबा जुलूस पड़ाव चौराहे तक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से स्मार्ट मीटर जलाकर विरोध दर्ज कराया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान चंदौली जिले में दो स्थानों—चकिया विधानसभा क्षेत्र और मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र—में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में मु. रिजवान, वीरेंद्र यादव, मु. आसिफ, सुलेमान, गुड्डू यादव, नेसार भाई, प्रेम चौहान, महेंद्र, आशीष विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।













