मीरजापुर। ननिहाल आई एक नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आने के बाद परिजन बीते 15 दिनों से दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है। बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पीड़ित मां ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता की मां, जो जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 2 अप्रैल 2026 को मीरजापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित रानीबाग में अपने मामा के घर आई थी। आरोप है कि 2/3 अप्रैल की रात पड़ोस के ही दो युवक—सत्यम कन्नौजिया और मुन्ना यादव—उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गए।
सुबह करीब 3 बजे बेटी के गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आसपास पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि दोनों आरोपी युवक भी उसी समय से लापता हैं। इसके बाद परिजनों ने कटरा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जहां मामला दर्ज तो कर लिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी लगातार फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी दे रहे हैं। वे मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और बेटी की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
मामले में POCSO Act सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक से बेटी की जल्द बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।













