चोरी के मामले में फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार, 2310 रुपये नकद बरामद

वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2310 रुपये नकद बरामद किए हैं। उसकी गिरफ्तारी सोमवार रात हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से की गई।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान रितेश चौरसिया (19) पुत्र मुन्ना चौरसिया, निवासी पंचकोशी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सारनाथ थाने में चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज था।

घर का ताला तोड़कर चोरी का आरोप

मामला 30 मई 2026 का बताया जा रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया था कि घर के कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

पूछताछ में रितेश ने कथित तौर पर बताया कि उसने चित्रांश खरवार और विशाल के साथ मिलकर बेनीपुर के परशुरामपुर बैंक कॉलोनी स्थित एक मकान में चोरी की थी। उसके अनुसार, चोरी के बाद उसे 15 हजार रुपये मिले थे।

अन्य घटनाओं में शामिल होने की बात

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में हुई कुछ अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात बताई है। इन बिंदुओं पर पुलिस आगे जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में नाम सामने आए चित्रांश खरवार और विशाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार रितेश के खिलाफ वाराणसी के अलग-अलग थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुज कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल श्रीराम और रिजर्व कांस्टेबल विशाल कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बरामद नकदी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!