रोड रोलर के नीचे कुचले गए अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न, 180 से ज्यादा उपकरण किए गए नष्ट

वाराणसी। वाहनों में लगाए जा रहे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर-सायरन के खिलाफ वाराणसी यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग अभियानों के दौरान जब्त किए गए इन उपकरणों को मंगलवार को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई यातायात निदेशालय और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। जब्त सामग्री के विनष्टीकरण के दौरान यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

37 साइलेंसर और 95 प्रेशर हॉर्न नष्ट

पुलिस के अनुसार विभिन्न तिथियों में अभियान चलाकर 37 मॉडिफाइड साइलेंसर, 95 प्रेशर हॉर्न और 48 हूटर/सायरन जब्त किए गए थे। मंगलवार को इन सभी उपकरणों को रोड रोलर की मदद से कुचलकर नष्ट किया गया।

इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं यातायात निरीक्षक मुख्यालय समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने की कोशिश

यातायात पुलिस का कहना है कि वाहनों में लगाए जाने वाले तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न, अवैध साइलेंसर और हूटर-सायरन से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। तेज आवाज के कारण राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।

पुलिस ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी तरह के प्रतिबंधित उपकरण का इस्तेमाल न करें।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान प्रतिबंधित साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या हूटर-सायरन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!