वाराणसी। चौबेपुर थाना पुलिस ने फिल्म निर्माण के नाम पर 78.20 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 26 अप्रैल 2022 को चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई वीरेंद्र यादव की फर्म से फिल्म निर्माण के नाम पर 78 लाख 20 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 409 (आपराधिक न्यास भंग) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश लगातार जारी थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई के अंधेरी स्थित वीरदेसाई रोड क्षेत्र में दबिश देकर जसवंत (47) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









