वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इसमें धर्मगुरु, इमाम, ताजियेदार, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम का पर्व पूरी गरिमा और परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि ताजिए केवल निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं और जुलूस के दौरान किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न किया जाए। साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि वाराणसी में सभी धार्मिक पर्व सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं और इस बार भी उसी परंपरा को कायम रखा जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को ताजिया मार्गों पर साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, पेयजल व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और लटकते बिजली के तारों को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, अपर जिलाधिकारी (नगर) पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, डीसीपी नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ताजियेदार और जनपद की विभिन्न मस्जिदों के इमाम मौजूद रहे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।













