जशपुरनगर। रोहित व्यास ने पत्थलगांव क्षेत्र में जमीन संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तरीय जांच समिति गठित की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आदिवासी भूमि नियमों में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुमार कुशवाहा को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में तहसीलदार पत्थलगांव जयश्री राजनपथे, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख एवं प्रभारी नायब तहसीलदार कुनकुरी विष्णु गुप्ता तथा राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख जशपुर विनीत कुमार तिग्गा को सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिया है कि समाचार पत्रों में प्रकाशित तथ्यों और शिकायतों की बिंदुवार जांच कर सात दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों, नामांतरण प्रक्रियाओं और भूमि अभिलेखों की गहन समीक्षा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आदिवासी भूमि से जुड़े मामलों में शासन के सभी प्रावधानों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर की जाएगी, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके।









