बढ़ते गंगा जलस्तर के बीच अफसरों ने नाव से किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण

वाराणसी। गंगा के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने नमो घाट से पुरानापुल तक नाव से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलस्तर और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने के साथ संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

राहत शिविरों में सुरक्षा के इंतजाम

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर शुरू कर दिए गए हैं। शिविरों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर हालात पर नजर रख रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

बच्चों और बुजुर्गों को नदी से दूर रखने के निर्देश

अधिकारियों ने नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों तथा बुजुर्गों के जाने पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आम लोगों को भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाने के लिए जागरूक करने को कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर सुरक्षा, राहत और बचाव की व्यवस्थाओं को लगातार अपडेट किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!