वाराणसी। वाराणसी की बेटी एवं लंका थाने में तैनात महिला आरक्षी अंशु पांडेय ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। बनारस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में अंशु पांडेय ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक, 50 मीटर राइफल प्रोन में रजत पदक तथा 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की खेल जगत और पुलिस विभाग में सराहना हो रही है।
अंशु पांडेय पिछले पांच वर्षों से पूर्वांचल शूटिंग अकादमी में कोच सत्यम सिंह के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। लगातार मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उनका चयन भारतीय टीम के ट्रायल के लिए भी हुआ है, जिसे उनके खेल जीवन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने अंशु पांडेय का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंशु की सफलता पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे वाराणसी के लिए गर्व का विषय है।
अंशु पांडेय की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग, खेल प्रेमियों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।









