गोरखपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बालिकाओं को गर्भाशय एवं गर्भाशय मुख कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने वाली वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है।
सीएचसी गोला के अधीक्षक डॉ. ए. एन. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस टीकाकरण के लिए 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष तक की बालिकाएं पात्र हैं। वैक्सीन बाएं हाथ की बांह की मांसपेशी में दी जाती है और यह एकल डोज वाली है। स्वास्थ्य केंद्र पर यह सुविधा सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध है।
अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस अभियान में शामिल कराएं, ताकि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण से बचाव हो सके और भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके।









