वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने वैश्विक शिक्षा जगत में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार 951-1000 श्रेणी में स्थान बनाया है। यह विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। पिछले वर्ष बीएचयू 1001-1200 श्रेणी में शामिल था।
रैंकिंग में सुधार के साथ-साथ विश्वविद्यालय ने कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक और शोध मानकों में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रति संकाय उद्धरण (Citations per Faculty) का स्कोर 18.8 से बढ़कर 20.8 हो गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क (International Research Network) का स्कोर 59.3 से बढ़कर 67.4 पहुंच गया है। इससे स्पष्ट होता है कि बीएचयू का वैश्विक विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ अकादमिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।
विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने के साथ-साथ नियोजक प्रतिष्ठा (Employer Reputation) के क्षेत्र में भी सुधार दर्ज किया है। इस श्रेणी में बीएचयू का स्कोर 10.6 से बढ़कर 11.4 हो गया है, जो छात्रों की रोजगार क्षमता और संस्थान की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है।
इस वर्ष सबसे बड़ी उपलब्धि सततता (Sustainability) के क्षेत्र में दर्ज की गई। इस श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 44.5 से बढ़कर 61.3 हो गया, जो लगभग 37.8 प्रतिशत की वृद्धि है। यह उपलब्धि बीएचयू के पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति मजबूत संकल्प को दर्शाती है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बीएचयू के इतिहास में पहली बार शीर्ष 1000 विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शामिल होना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि बीएचयू का उद्देश्य केवल बेहतर रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान और समाज सेवा के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता का केंद्र बनना है।
बीएचयू की इस उपलब्धि को वाराणसी ही नहीं, बल्कि पूरे देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में विश्वविद्यालय वैश्विक रैंकिंग में और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।













