काशीवासियों के लिए बड़ी राहत, अब अलग प्रवेश द्वार से होगा बाबा विश्वनाथ का सुगम दर्शन

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों को बड़ी सुविधा देते हुए उनके लिए अलग प्रवेश व्यवस्था शुरू कर दी है। अब स्थानीय निवासी अपने वैध पहचान पत्र के आधार पर निर्धारित प्रवेश द्वार से बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन कर सकेंगे।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि गेट नंबर 4 के समीप नया गेट नंबर 4B काशीवासियों के लिए निर्धारित किया गया है। इस प्रवेश द्वार से केवल स्थानीय निवासी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य मान्य पहचान पत्र दिखाकर मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य काशीवासियों को भीड़ से राहत देते हुए सहज और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। गेट नंबर 4B से मंदिर परिसर तक स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है, जिससे उन्हें सामान्य भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा।

श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने यह विशेष व्यवस्था लागू की है। प्रशासन का कहना है कि इससे एक ओर स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी होगा।

मंदिर प्रशासन के इस निर्णय का काशीवासियों ने स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नई व्यवस्था से वे बिना अनावश्यक भीड़ और धक्का-मुक्की के बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!