वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बारिश के दौरान फिसलन भरी सड़क पर हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल, पुत्र स्वर्गीय अब्दुल करीम, निवासी सरैया, जलालीपुरा (थाना जैतपुरा) के रूप में हुई है। साहिल ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के तौर पर कार्यरत था। सोमवार देर रात करीब एक बजे वह डिलीवरी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सिद्धगिरीबाग-मौलवीबाग मार्ग पर बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से वह डंपर की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन तथा चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
परिजनों के अनुसार, साहिल के पिता का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह परिवार में तीन बहनों और दो भाइयों के बीच तीसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









