लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक में लोकतंत्र सेनानियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना है।
इसके अलावा मक्का क्रय नीति को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल सकती है। बैठक में परिवहन, ऊर्जा, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, उच्च शिक्षा, नमामि गंगे और आबकारी विभाग समेत विभिन्न विभागों के एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे।
वहीं प्रदेश में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा और कैबिनेट की मंजूरी के बाद बेसिक शिक्षा विभाग इस योजना को लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को पत्र जारी कर चार जून को दोपहर 12 बजे प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। साचीज द्वारा तैयार किए गए पोर्टल के माध्यम से पात्र कार्मिकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का उद्देश्य शिक्षकों और लोकतंत्र सेनानियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।









