जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरबा निवासी 66 वर्षीय उमातिन बाई के फेफड़े के कैंसर के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 21 लाख 69 हजार 344 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इस राशि से उनका इलाज रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, उमातिन बाई के परिजनों ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के लिए सहायता की मांग करते हुए बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन दिया था। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत राशि स्वीकृत कर दी।
मुख्यमंत्री की इस पहल से मरीज के परिजनों को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से अब बेहतर उपचार संभव हो सकेगा और परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय जरूरतमंद लोगों के लिए राहत केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंप कार्यालय के माध्यम से आमजन की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा है।









