चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के नियमताबाद विकासखंड सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं डॉ. संजय निषाद का कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरा सभागार राजनीतिक उत्साह से भर उठा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान उमड़ी भारी भीड़ जनता के भरोसे और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। डॉ. निषाद ने आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी की रणनीति पूरी तरह स्पष्ट है तथा जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों पर काम करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री ने आगामी 1 तारीख को वाराणसी में प्रस्तावित महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को सौंपी।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज का वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरें।
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश सचिव शिव कुमारी निषाद, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार निषाद, ज्योति कश्यप, संगठन जिलाध्यक्ष सुरेश निषाद, चंद्रकला निषाद, चंदन सिंह, काशीनाथ निषाद, रामबरन निषाद, मेघनाथ बिंद, संजय बिंद, उदय नारायण बिंद, नारायण बिंद और रामकेश सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उमड़ा जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं का उत्साह आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की सक्रियता, संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक रणनीति का स्पष्ट संकेत देता नजर आया।













