आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार से दो दिवसीय आगरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ₹421.01 करोड़ की लागत से तैयार 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शनिवार शाम 4 बजे सीधे टाटा ग्राउंड पहुंचेगा। जनसभा को संबोधित करने से पहले वह सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। साथ ही नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वह कैशलेस योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।









