वाराणसी। कमिश्नरेट की चोलापुर पुलिस ने फर्जी दरोगा बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था और पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी पुलिस वर्दी, जाली पहचान पत्र, नकली नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
यह कार्रवाई एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच और एसीपी विदुष सक्सेना के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत चोलापुर पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराता-धमकाता था और पुलिस भर्ती कराने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, स्टार, बैच, बेल्ट, कैप, तीन फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, जाली नियुक्ति पत्र, दो मोबाइल फोन तथा 1200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। इन सामानों का इस्तेमाल वह खुद को असली दरोगा साबित करने और लोगों को अपने झांसे में लेने के लिए करता था।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह चेकिंग के नाम पर राहगीरों से अवैध वसूली करता था। इसके अलावा सिंधौरा निवासी एक युवक से पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब एक लाख रुपये ठगने की बात भी उसने स्वीकार की है।
चोलापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके साथ इस ठगी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।









