लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के 194 निरीक्षकों (नागरिक पुलिस) का गैर जनपद स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह तबादले पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति और अनुमोदन के बाद किए गए हैं। बोर्ड की 30 जून को हुई बैठक में समयावधि पूरी कर चुके निरीक्षकों के स्थानांतरण पर निर्णय लिया गया था। इसके आधार पर विभिन्न जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में तैनात निरीक्षकों को प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आईजी स्थापना की ओर से जारी आदेश में संबंधित पुलिस इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरित निरीक्षकों को शीघ्र कार्यमुक्त कर नई तैनाती वाले जनपदों और कमिश्नरेट में भेजा जाए। आदेश के बाद प्रदेशभर के पुलिस महकमे में तबादला सूची को लेकर हलचल तेज हो गई है।
पुलिस विभाग का कहना है कि यह स्थानांतरण नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किए गए हैं, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाया जा सके।









