जशपुरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे देश के लिए परिवर्तन, विकास और जनकल्याण का महत्वपूर्ण दौर बताया। जशपुर के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न समाजों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को शाल, श्रीफल और शासन की उपलब्धियों से जुड़ी पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा, स्वच्छ भारत मिशन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा दिया और सौभाग्य योजना के जरिए दूरस्थ गांवों तक बिजली पहुंचाई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 लाख 60 हजार से अधिक आवास बन चुके हैं, जबकि राज्य सरकार ने अपने गठन के बाद 18 लाख नए आवासों को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर समेत पूरे प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को गति दी जा रही है। 49 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और धर्मजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन को मंजूरी मिलने के बाद जशपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सपना साकार होने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के चौड़ीकरण और भारतमाला परियोजना से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के प्रमुख फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि धारा 370 हटाने, तीन तलाक कानून लागू करने, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे फैसलों ने देश की सुरक्षा और एकता को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को विश्व पटल पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है।
बस्तर क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 700 से अधिक मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं। साथ ही सिंचाई परियोजनाओं, जैविक खेती, होम-स्टे नीति और स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जशपुर में मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरों वाले अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और क्रिटिकल केयर सेंटर की स्थापना की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।













