वाराणसी। कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 38 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। इस मामले में मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद जायसवाल समेत कुल 18 लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल फिलहाल दुबई में छिपा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भारत लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चार्जशीट में गिरोह की पूरी कार्यप्रणाली, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। यह मामला ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की तहरीर पर दर्ज हुआ था।
जांच के दौरान अब तक मुख्य आरोपी फरार है, जबकि अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हाल ही में इस मामले में हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी से जांच को और मजबूती मिली है।
चार्जशीट में प्रतीक जायसवाल, विशाल सोनकर, धर्मेंद्र अग्रवाल, आदित्य जायसवाल, राहुल यादव, हिमांशु कसेरा और आकाश पाठक समेत कई अन्य आरोपियों के नाम शामिल हैं। ये आरोपी आजमगढ़, जौनपुर और मुगलसराय समेत विभिन्न जिलों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि यह मुकदमा 15 नवंबर 2025 को कोतवाली थाने में दर्ज किया गया था, जिसमें शुरुआत में करीब 40 लोगों को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान नए नाम सामने आते गए और अधिकांश आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, यह मामला अवैध दवा कारोबार के एक बड़े नेटवर्क को उजागर करता है, जिसमें सप्लाई से लेकर वित्तीय लेन-देन तक कई स्तरों पर संगठित तंत्र काम कर रहा था। अब इस मामले की सुनवाई अदालत में आगे बढ़ेगी।













