चंदौली। जनपद में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शनिवार देर रात चकिया तिराहा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए और करीब 70 से 75 हजार रुपये नकद के साथ 15 से 20 हजार रुपये कीमत की महंगी ब्रांड की शराब चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि दुकान पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह दुकान में तीसरी बार चोरी की घटना है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में भारी नाराजगी और डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के सामने स्थित दुकान सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद चौकी इंचार्ज शिवपूजन बिंद भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
दुकान संचालक विवेक कुमार अग्रहरी ने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस बार चोर शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और नकदी के साथ महंगी शराब की बोतलें भी उठा ले गए।
विवेक अग्रहरी ने कहा कि पुलिस चौकी के सामने लगातार चोरी होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खुर्द कलां के प्रधान धीरज ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पहले भी लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनके मुताबिक अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय व्यापारी हरि जैसवाल ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। उन्होंने पुलिस से जल्द खुलासा कर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि इस सनसनीखेज चोरी की घटना का खुलासा कब तक हो पाता है और पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कितनी सफलता हासिल करती है।













