सक्ती। नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही सक्ती पुलिस ने नाबालिगों के वाहन चलाने के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को अनुनय कॉन्वेंट स्कूल के सामने चलाए गए जांच अभियान में 12 नाबालिग छात्र बाइक और स्कूटी चलाते हुए पकड़े गए। वहीं, कुछ बालिग छात्र भी बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले।
पुलिस ने सभी मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर यातायात प्रभारी निरीक्षक वाई.एन. शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में एएसआई सुरेंद्र सिंह और एएसआई महानदिया भी शामिल रहे।
यातायात पुलिस ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के मद्देनजर स्कूलों और अभिभावकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन से भी अपील की गई है कि नाबालिग छात्रों को दोपहिया वाहन से विद्यालय आने से रोका जाए।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यातायात प्रभारी वाई.एन. शर्मा ने कहा कि नाबालिगों के वाहन चलाने के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









