वाराणसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के वाराणसी आगमन पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचकर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी की दिव्य ऊर्जा और यहां के लोगों का स्नेह हमेशा विशेष अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने शहर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने मुख्यमंत्री को विधानसभा क्षेत्र में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में चल रही योजनाओं और भविष्य की विकास परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान वाराणसी के समग्र विकास, पर्यटन को बढ़ावा, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक संवाद हुआ।









