रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेधावी छात्र अभिषेक खरे की उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने कवर्धा स्थित निवास कार्यालय में उनसे मुलाकात की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर के कक्षा 10वीं के छात्र अभिषेक का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका) के लिए हुआ है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अभिषेक की सफलता केवल उनके परिवार और विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे कबीरधाम जिले तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। अभिषेक जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अभिषेक को सम्मानित करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने अभिषेक को अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि इसरो का युविका कार्यक्रम देशभर के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान की बुनियादी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने और अंतरिक्ष गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है।
अभिषेक की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।









