जम्मू। जम्मू तवी से सीधे श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे जम्मू-कश्मीर यात्रा पहले से अधिक तेज, आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगी। इस नई सेवा से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष राहत मिलेगी, क्योंकि अब कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
अब तक वंदे भारत ट्रेन केवल श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच संचालित होती थी, लेकिन रेलवे ने इसका विस्तार जम्मू तवी तक कर दिया है। रेलवे के अनुसार टिकट बुकिंग 2 मई से शुरू होगी।
20 कोच वाली यह आधुनिक ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच 267 किलोमीटर की दूरी लगभग 4 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। सड़क मार्ग से यह सफर सामान्यतः 8 से 9 घंटे में पूरा होता है।
नई सेवा के तहत ट्रेन संख्या 26401 सुबह जम्मू तवी से रवाना होकर श्रीनगर पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 26402 श्रीनगर से जम्मू तवी आएगी। इसके अलावा अतिरिक्त सेवाएं भी निर्धारित की गई हैं।
चेयर कार का किराया लगभग 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1515 रुपये रखा गया है। रेलवे ने इस रूट पर डायनेमिक किराया प्रणाली लागू की है।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस नई सेवा से पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलेगा तथा जम्मू और कश्मीर के बीच आवागमन अधिक सुगम बनेगा।













