खड़े वाहन में पीछे से घुसी डीजे लदी मैजिक, दो की मौत, एक गंभीर

सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गुरमुरा स्थित जय गुरुदेव आश्रम के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में डीजे उपकरण लेकर लौट रही एक मैजिक वाहन सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज की एक डीजे साउंड सर्विस का मैजिक वाहन दुद्धी क्षेत्र के नगवा गांव में आयोजित एक बारात कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान गुरमुरा के पास सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग केबिन में फंस गए।

सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में मनोज कुमार मौर्य (32) निवासी लोढ़ी और श्याम बाबू निवासी छपका की मौत हो गई। वहीं चंदन (42) निवासी चुर्क गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

इसके अलावा शिवा (21) और विनय कुमार (21) को मामूली चोटें आईं। उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।

चोपन थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।

ब्यूरो प्रमुख- सोनभद्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!