रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले में खनिज विभाग ने अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 घनमीटर रेत जब्त की है।
खनिज विभाग को मिली शिकायत के आधार पर बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत गुडलू में 19 जून 2026 को जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेत को जब्त कर लिया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध रेत भंडारण के मामले में 40,780 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 42,736 रुपये की राशि राजस्व मद में जमा कराई गई। इस प्रकार कुल 83 हजार रुपये से अधिक की वसूली अर्थदंड और राजस्व के रूप में की गई।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।









