चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान 52 फीट से अधिक तोड़फोड़ किए जाने के आरोप को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा चंदौली से मुगलसराय पहुंचे और जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल के साथ नगर का भ्रमण कर व्यापारियों से मुलाकात की।
नगर भ्रमण के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा तय सीमा 52 फीट से अधिक तक भी तोड़फोड़ की जा रही है। कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि वे स्वयं अपने निर्माण को हटाने का कार्य कर रहे थे, इसके बावजूद जेसीबी मशीनें आगे बढ़कर अतिरिक्त तोड़फोड़ कर रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि कोतवाली में हुई बैठक में अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जो व्यापारी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएंगे, उन्हें राहत दी जाएगी। लेकिन मौके पर इस आश्वासन का पालन नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल को निर्देश दिया कि जिन भी व्यापारियों का 52 फीट से अधिक नुकसान हुआ है, उनकी लिखित शिकायत (एप्लीकेशन) तैयार कर जिले में भेजी जाए।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और व्यापारियों के हित में उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान सरदार दीपू सिंह, बाबू खान, इम्तियाज अहमद गुड्डू, इलियास भाई, नगर अध्यक्ष जगन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।









