वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के पयागपुर गांव के सामने पंचकोशी रोड पर मैजिक और बाइक की टक्कर में युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक के शव को मातलदेई चौराहे पर रखकर लोगों ने चक्का जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में बाइक सवार बनारसी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को लेकर मातलदेई चौराहे पहुंचे और सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और प्रशासन से न्याय की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही राजातालाब थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से वार्ता कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास जारी है।









