वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक Rajeev Krishna ने दावा किया है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और पिछले कुछ वर्षों में अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
रविवार को वाराणसी पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जो पुलिस व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पिछले वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान प्रदेश के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूती मिली है।
प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी से जुड़े आरोपी शुभम जायसवाल के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीजीपी ने कहा कि आवश्यक न्यायिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। संबंधित दस्तावेज केंद्रीय एजेंसियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं और उसे भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
साइबर अपराधों को लेकर उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से भय, अफवाह या दहशत फैलाने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीजीपी ने कहा कि भारत में डिजिटल भुगतान प्रणाली के तेजी से विस्तार को देखते हुए साइबर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों को धमकाने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में काशी की यातायात व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई है और आने वाले समय में ट्रैफिक सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।













