लखनऊ। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पहले से मामला दर्ज था। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, 7 और 8 जुलाई को लखनऊ स्थित उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के बिस्किट, कीमती आभूषण और निवेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए। बरामद सामग्री को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास 15 अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज, दो चारपहिया वाहन, एक रिवॉल्वर तथा विभिन्न बैंकों, डाकघर, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े अभिलेख मौजूद थे। विजिलेंस अब इन संपत्तियों और निवेश के स्रोत की विस्तार से जांच कर रही है।
सतर्कता अधिष्ठान का कहना है कि पूछताछ के दौरान ललित कुमार अपनी आय और संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उन पर जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने और जांच में अपेक्षित सहयोग न करने का भी आरोप है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विजिलेंस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









