चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने मुनीब से हुई ₹1.34 लाख की लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार युवक छात्र हैं, जिन्होंने कम समय में पैसा कमाने की लालच में लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹60 हजार नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और लूटा गया बैग बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि मुनीब बड़ी रकम लेकर आने-जाने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
बताया गया कि 21 मई को पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर बदमाशों ने मुनीब को रोककर उससे ₹1.34 लाख लूट लिए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुगलसराय पुलिस के साथ एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। इसके बाद ओपी गार्डेन के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आगे भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी वाराणसी और बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













