मीरजापुर। चुनार को नई पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) मिल गई हैं। वर्ष 2023 बैच की अधिकारी गायत्री यादव ने सोमवार को क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
गायत्री यादव का हाल ही में सीओ यातायात, मिर्जापुर के पद से स्थानांतरण कर चुनार पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। इसके साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई सीओ की तैनाती से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।









