वाराणसी। काशी की बहुप्रतीक्षित गोदौलिया-रथयात्रा रोप-वे परियोजना का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। देश की पहली अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे परियोजना के तहत गोदौलिया से रथयात्रा स्टेशन तक रोप-वे सिस्टम का इंस्टॉलेशन तेजी से किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर कर्मचारी अंतिम चरण के कार्यों को पूरा करने में जुटे हैं।
रोप-वे सेवा शुरू होने के बाद गोदौलिया-लंका मार्ग पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। नई व्यवस्था लागू होने से यात्रियों का सफर तेज, सुगम और समय की बचत वाला होगा।
करीब 3.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में आधुनिक और सुरक्षित तकनीक का उपयोग किया गया है। प्रशासन के अनुसार, रोप-वे पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली होगी, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
रोप-वे से यात्रा करने वाले यात्रियों को काशी के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का विहंगम दृश्य भी देखने को मिलेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ शहर की शहरी परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
प्रशासन का कहना है कि सभी तकनीकी कार्य पूरे होने के बाद रोप-वे सेवा जल्द ही आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएगी, जिससे वाराणसी के स्मार्ट सिटी मिशन को भी गति मिलेगी।









