रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का शानदार मौका है। राजधानी रायपुर और बलौदाबाजार में बुधवार को आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां कुल 331 पदों पर भर्ती करेंगी। इन मेलों में 10वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, इंजीनियरिंग और नर्सिंग तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
रायपुर के लाईवलीहुड कॉलेज, जोरा में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार मेले का आयोजन होगा। यहां वंदना ग्लोबल लिमिटेड, सार्थक क्रिएटिव ऑर्गनाइजेशन, अपडेट एजुकेशन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, इलमेक इंडस्ट्रीज और अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां 137 पदों पर भर्ती करेंगी।
भर्ती प्रक्रिया में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डीजल मैकेनिक, ऑटोमोबाइल, मैकेनिकल, केमिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर और नर्सिंग से जुड़े अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पूर्व पंजीयन और ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य किया गया है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अद्यतन बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा।
वहीं, बलौदाबाजार जिला रोजगार कार्यालय की ओर से भी बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां विभिन्न निजी कंपनियां 194 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने बताया कि दोनों रोजगार मेलों में प्रवेश और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।













