वाराणसी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई से तीन दिवसीय काशी प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोहों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी।
प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल 27 जुलाई की शाम वाराणसी पहुंचकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।
28 जुलाई को वह रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद 29 जुलाई को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी।
काशी प्रवास के दौरान राज्यपाल एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई को सभी कार्यक्रमों में सहभागिता के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी। राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं।









