देहरादून। गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है, जिससे उत्तराखंड से पूर्वी भारत तक धार्मिक यात्राएं पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक हो सकेंगी। परियोजना के पूरा होने पर हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी और पुरी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा।
करीब 140 से 146 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित एक्सटेंशन के तहत हरिद्वार को सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। यह मार्ग अमरोहा के मंगरौला एंट्री प्वाइंट से शुरू होकर बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसमें लगभग 29 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में और शेष उत्तर प्रदेश में विकसित किया जाएगा।
परियोजना के लागू होने के बाद हरिद्वार से प्रयागराज की यात्रा अवधि 11 से 13 घंटे से घटकर लगभग 7 से 8 घंटे रह जाएगी। वहीं हरिद्वार से पुरी की यात्रा में भी कई घंटों की बचत होने की संभावना है।
अधिकारियों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे विस्तार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड और पूर्वी भारत के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक संपर्क को भी मजबूत करेगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जल्द ही आवश्यक समझौते की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गंगा एक्सप्रेसवे का यह विस्तार धार्मिक यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित हो सकता है।









