फतेहपुर। हुसेनगंज थाना क्षेत्र के जमरावां गांव में पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। दिनदहाड़े 32 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान उसे बचाने पहुंचे उसके माता-पिता के साथ भी हमलावरों ने मारपीट की।
जानकारी के अनुसार अभिमन्यु यादव अपने घर के बाहर बैठा था, तभी गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक घटना पुरानी दुश्मनी का परिणाम है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।













