उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा दही थाना क्षेत्र स्थित एलनकूपर शोरूम के पास हुआ। कानपुर से लखनऊ जा रही एक पिकअप लोडर को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस को सड़क किनारे खड़ा कर परिचालक यात्रियों को दूसरी बस में बैठाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस के पास मौजूद चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान राजेंद्र (50) निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती और रामनरेश (40) निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि रामनरेश अपनी पत्नी के साथ कानपुर में अपने ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे के लिए रोडवेज बस चालक की लापरवाही की आशंका जताई गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।









