झांसी। जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू के दौरान बस का अगला हिस्सा काटकर चालक के शव और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया, जबकि कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक को डंपर का समय पर दिखाई न देना हादसे की वजह माना जा रहा है।









