धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले तीरथ कुमार ध्रुव के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीरथ के पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि उसकी मां मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। जब मां वापस लौटी तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल छात्र के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धमतरी में पहले भी सामने आ चुके हैं आत्महत्या के मामले
धमतरी जिले में इससे पहले भी आत्महत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 29 जून को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन युवकों ने फांसी लगाकर जान दे दी थी।
पहली घटना:
कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड में संजू साहू नामक युवक ने कथित रूप से अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।
दूसरी घटना:
अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में गोपाल यादव नामक युवक का शव फांसी के फंदे से मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की थी।
तीसरी घटना:
अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर समाज और प्रशासन के स्तर पर चिंता जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसिक तनाव या किसी परेशानी से जूझ रहे लोगों को समय पर सहयोग और बातचीत का सहारा मिलना बेहद जरूरी है।













